
कालका में वाहन पार्ट चोरी मामलें में 1 नाबालिग सहित 3 आरोपी काबू, चोरीशुदा सामान बरामद, 2 आरोपी 1 दिन के पुलिस रिमांड पर, नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा
पंचकूला/कालका/ 03 जून:- पंचकुला पुलिस ने वाहन इंजन के महंगे पार्ट चोरी करने के मामलें में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। मामले में एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी संबंधित अधिनियम के प्रावधानों के तहत जांच की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से रिमांड के दौरान अन्य चोरी की वारदातों को लेकर भी गहन पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार कालका निवासी युवक द्वारा कालका थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई कि उनकी वाहन मरम्मत की दुकान कालका क्षेत्र में स्थित है। शिकायतकर्ता के अनुसार एक वाहन के इंजन की मरम्मत के दौरान उसके इंजन के महत्वपूर्ण पार्ट वाहन के अंदर रखे गए थे। अगले दिन सुबह वाहन का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला तथा उसमें रखे इंजन के महंगे उपकरण जैसे पिस्टन, एसी कम्प्रेसर, अल्टरनेटर, कैटेलिटिक कनवर्टर, सेल्फ स्टार्टर, टाइमिंग कवर, इंजेक्टर सहित अन्य सामान चोरी पाया गया।
शिकायत के आधार पर थाना कालका में 02 जून को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर एएसआई प्रवीन कुमार द्वारा जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी कृष्ण तथा राजेश को कागूवाल हाईवे, शिमला हाईवे क्षेत्र से काबू किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए एक अन्य नाबालिग साथी का नाम भी उजागर किया। आरोपियों ने चोरीशुदा इंजन के लोहे के पार्ट टिपरा-कालका सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किए गए।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों को आज अदालत में पेश कर 1 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है ताकि उनसे जिला में पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा सके। वारदात में शामिल नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस अधिकारी के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।