
बिहार में फर्जी निगरानी अधिकारी गिरफ्तार: इंजीनियर को आय से अधिक संपत्ति के केस में फंसाने की धमकी, दो लाख रुपये लेते रंगेहाथ पकड़ा गया
पटना में EOU की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के पास से फर्जी आईकार्ड, मोबाइल और निगरानी विभाग के बोर्ड की तस्वीरें बरामद।
पटना/कटिहार। बिहार में खुद को निगरानी विभाग और विशेष सतर्कता इकाई (SVU) का अधिकारी बताकर सरकारी इंजीनियरों से रुपये वसूलने की कोशिश करने वाले एक शख्स को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कटिहार में पदस्थापित एक कार्यपालक अभियंता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में फंसाने की धमकी देकर केस रफा-दफा करने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत के बाद EOU की टीम ने पटना में जाल बिछाकर आरोपी को दो लाख रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी अधिकारी बनकर इंजीनियर को किया फोन
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निहाल कुमार राय के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल पटना के गर्दनीबाग में रह रहा था। बताया जाता है कि वह भवन निर्माण निगम में साधारण पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करता है।
आरोप है कि निहाल ने कटिहार के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता इंजीनियर कृपानाथ चन्द्र विश्वास को फोन कर खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताया और उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने की बात कही।
केस रफा-दफा करने के नाम पर मांगे दो लाख रुपये
आरोपी ने कथित तौर पर इंजीनियर को मामले से बचाने और केस रफा-दफा करने के नाम पर दो लाख रुपये देने को कहा। इसके लिए उसने इंजीनियर को पटना के विकास भवन में रुपये लेकर बुलाया था।
इंजीनियर कृपानाथ चन्द्र विश्वास ने इसकी शिकायत आर्थिक अपराध इकाई से कर दी। शिकायत की जांच के बाद EOU की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दो लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आईकार्ड और मोबाइल बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा निगरानी इकाई के साइन बोर्ड और नेम प्लेट की तस्वीरें भी मिली हैं।
जांच के दौरान बीआईपीएआरडी पटना के सहायक निदेशक के कथित जाली हस्ताक्षर से जारी एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। यह रिशु कुमार के नाम से बनाया गया बीएओ आईकार्ड बताया जा रहा है।
अब पुराने मामलों और नेटवर्क की जांच में जुटी EOU
आर्थिक अपराध इकाई की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले भी किसी सरकारी अधिकारी या इंजीनियर को इसी तरह धमकाकर रुपये वसूलने की कोशिश की थी या नहीं। बरामद मोबाइल और फर्जी पहचान पत्र के आधार पर उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
सरकारी अधिकारियों को फर्जी निगरानी अधिकारी बनकर धमकाने के इस मामले ने प्रशासनिक महकमे में सतर्कता बढ़ा दी है।
#BiharNews #PatnaNews #KatiharNews #EOU #BiharCrime #BreakingNews #NewsBiharLive
Rahui, Nalanda | Nov 12, 2026