
चस्का बार रेस्टोरेंट में वकीलों पर जानलेवा हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर। सविना थाना पुलिस ने चस्का बार रेस्टोरेंट में दो वकीलों पर लोहे के सरिए और बोतलों से जानलेवा हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को एडवोकेट निलेश शर्मा और अनिल मीणा रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने पहुंचे थे। काउंटर पर कुछ लोगों को धीमी आवाज में बात करने के लिए कहने पर विवाद हो गया और आरोपियों ने अनिल मीणा पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए निलेश शर्मा के साथ भी मारपीट की गई।
मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 346/2026 दर्ज कर चमन सिंह, देवेन्द्र उर्फ छोटू और मनोज को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी भी गिरफ्तार
इसी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अशोभनीय और उकसाने वाली टिप्पणी करने के मामले में सविना थाना पुलिस ने चन्दन सिंह (23) निवासी सवीना को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रकरण संख्या 349/2026 दर्ज कर तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई की। आरोपी से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा व वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन तथा सविना थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।