
झारखंड के 61.50 लाख परिवारों को आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत समूह स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की तैयारी शुरू हो गयी है। इसके लिए राज्य सरकार ने बीमा कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी (जेएसएएस) ने योग्य बीमा कंपनियों से ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किया है। इच्छुक कंपनियां 12 नवंबर 2026 से ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निविदा दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगी।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। वहीं, मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रति परिवार सालाना अधिकतम 15 लाख रुपये तक के इलाज का प्रावधान है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में 28,05,753 परिवार आयुष्मान भारत योजना और 33,44,247 परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभ पाने के दायरे में हैं। इस तरह कुल 61.50 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा से जोड़ने का लक्ष्य है। हालांकि, बीमा सुविधा शुरू होने की तारीख और विस्तृत शर्तें कंपनी के चयन के बाद तय होंगी।