
उज्जैन में स्कूल शिफ्टिंग के विरोध में छात्राओं का प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय का घेराव
6 किमी दूर स्कूल भेजने की तैयारी पर भड़के विद्यार्थी, दो घंटे तक दिया धरना
उज्जैन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सराफा और चारधाम क्षेत्र के स्कूलों को दाऊदखेड़ी स्थित सांदीपनि स्कूल में शिफ्ट किए जाने की तैयारी के विरोध में शुक्रवार को विद्यार्थियों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और करीब दो घंटे तक धरना देकर स्कूल शिफ्टिंग का विरोध किया।
विद्यार्थियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर स्कूलों को करीब 6 किलोमीटर दूर दाऊदखेड़ी भेजने के निर्णय पर रोक लगाने की मांग की। छात्रों का कहना है कि महाकाल लोक और चारधाम क्षेत्र के पास स्थित स्कूल गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आसानी से पहुंच में हैं। स्कूल दूर होने पर खासकर छात्राओं को असुरक्षित रास्तों से लंबा सफर करना पड़ेगा।
छात्राओं ने कहा कि कई गरीब परिवार अपनी बेटियों को इतनी दूर स्कूल भेजने में सक्षम नहीं होंगे, जिससे सैकड़ों छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने और स्कूल छोड़ने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का हवाला देते हुए कहा कि स्कूलों को दूर शिफ्ट करना इस उद्देश्य के विपरीत है।
विद्यार्थियों ने स्कूलों को मूल स्थान पर यथावत रखने और स्कूल की जमीन व बच्चों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जिला स्तरीय बैठक के बाद ही विद्यालयों की शिफ्टिंग को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
#Ujjain #SchoolShifting #StudentsProtest #GirlsStudents #CollectorOffice #UjjainNews #Education #Daundkhedi #SandeepaniSchool