
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
..
सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन का दिया संदेश
..
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में नागरिकों, खाद्य कारोबारकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उत्पादन, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को खाद्य सामग्री खरीदते समय एफएसएसएआई लाइसेंस अथवा पंजीयन, निर्माण तिथि, उपयोग अवधि (एक्सपायरी डेट) तथा पैकेजिंग की सावधानीपूर्वक जांच करने की सलाह दी।
विशेषज्ञों ने स्वस्थ एवं संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान तथा खाद्य जनित रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में बताया गया कि सुरक्षित भोजन न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य की रक्षा करता है, बल्कि एक स्वस्थ, सक्षम और सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे केवल स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट, दूषित खाद्य सामग्री अथवा खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताओं की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संदीप वर्मा, श्रीमती किरण श्रीवास्तव एवं सुश्री कुदसिया खान ने उपस्थित नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए पौष्टिक एवं संतुलित खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह दी।
कार्यक्रम में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती मिताली मेहरा, श्री रवि तलरेजा (अध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स), श्री महिपाल सिंह राजपूत एवं श्री आनंद अग्रवाल (होटल रेस्टोरेंट एसोसियेशन), श्री रामूराम जाट (राजस्थान स्वीट, किराना एवं व्यापार संघ), श्री श्याम सुंदर शर्मा (वरिष्ठ समाजसेवी, अपना घर) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बेतवांचल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में सुरक्षित भोजन, स्वस्थ जीवन और खाद्य सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया तथा आमजन से खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha