एथलीन रिपाइनर के सुरक्षित निपटान को लेकर प्रशासन सख्त, फल विक्रेताओं को दिए निर्देश
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर में फल विक्रेताओं द्वारा एथलीन रिपाइनर के उपयोग और उसके निपटान की व्यवस्था का निरीक्षण किया। विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सघन जांच एवं निरीक्षण के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने विदिशा नगरीय क्षेत्र में अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान सब्जी मंडी में पाया गया कि एथलीन रिपाइनर के उपयोग के बाद उसके अवशेषों और खाली पाउचों का उचित निपटान नहीं किया जा रहा है। इस पर टीम ने सभी फल विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि उपयोग के बाद एथलीन रिपाइनर के अवशेषों को एक निर्धारित कूड़ेदान में एकत्रित करें और नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से उनका सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि एथलीन रिपाइनर के उपयोग के बाद उसके अवशेषों का वैज्ञानिक और सुरक्षित निपटान आवश्यक है। ऐसा करने से भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं तथा पर्यावरणीय जोखिमों को रोका जा सकता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संदीप वर्मा एवं नगरीय प्रशासन के श्री चंद्रमोहन अहिरवार ने फल विक्रेताओं को नियमों का पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
29 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 12, 2026