
गौरीबाजार में कारोबारी पिता-पुत्र का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, मचा कोहराम
देवरिया। जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक कारोबारी और उसके बेटे का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान गौरीबाजार कस्बे के उद्योग नगर वार्ड नंबर-2 निवासी श्रवण जायसवाल (60) और उनके बेटे राकेश जायसवाल (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्रवण जायसवाल रामलक्षन चौराहे पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते थे। शुक्रवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह अपने बेटे के साथ कपड़ों की खरीदारी के लिए चौरीचौरा गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे।
परिजनों के मुताबिक रात करीब साढ़े दस बजे तक दोनों से बात हुई थी और उन्होंने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। देर रात पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि बुजुर्ग पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर दो शव पड़े हैं। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों की पहचान की। घटनास्थल के पास बाइक, झोला, पर्स और मोबाइल भी बरामद हुआ।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि इसी परिवार ने कुछ महीने पहले भी बड़ा हादसा झेला था, जब श्रवण जायसवाल के बड़े बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब पिता और छोटे बेटे की एक साथ मौत से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Deoria, Deoria | Jun 20, 2026