⬇️पिथौरागढ़ की महिला बुनकरों ने ऊनी कालीनों पर उकेरी पीएम मोदी और सीएम धामी की आकृतियां⬇️
पिथौरागढ़ :- जनपद के मुनस्यारी और धारचूला की महिला बुनकर अपनी पारंपरिक दनकालीन कला के जरिए नई पहचान बना रही हैं। एक जनपद, एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत चयनित वूलन प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देते हुए महिला बुनकरों ने ऊनी कालीनों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ और ‘सत्यमेव जयते’ की आकृतियां बारीकी से तैयार की हैं।
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं पारंपरिक बुनकारी को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तलाश रही हैं। जिला उद्योग केंद्र के मार्गदर्शन में महिला समूहों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे स्थानीय हस्तशिल्प को नई पहचान मिलने के साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी भी बढ़ रही है। यह पहल पारंपरिक कला के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।