⬇️पिथौरागढ़ :- मुख्यमंत्री के दौरे पर कांग्रेस का विरोध, सिल्थाम तिराहे पर दिखाए काले झंडे !⬇️
पिथौरागढ़ः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिथौरागढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिल्थाम तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ काले झंडे दिखाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश पंत सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और पलायन जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।
कांग्रेस की ओर से कहा गया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश में आक्रोश है। वहीं, अग्निवीर योजना, भर्ती परीक्षाओं में नकल और कथित नकल माफिया के प्रभाव को लेकर भी सरकार को घेरा गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि पहाड़ के गांवों से लगातार हो रहा पलायन और खाली होते गांव भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने महिला हिंसा के मामलों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय अपराधियों को संरक्षण दे रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका विरोध प्रदेश में बदलाव की मांग का प्रतीक है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
Pithoragarh, Pithoragarh | Oct 29, 2026