⬇️पिथौरागढ़ :- बर्फबारी के अलर्ट से भारत-चीन पारंपरिक व्यापार पर लगा ब्रेक, 74.95 लाख रुपये का कारोबार!⬇️
पिथौरागढ़। तकलाकोट में भारी बर्फबारी की चेतावनी के चलते भारत-चीन पारंपरिक सीमा व्यापार सत्र समय से पहले समाप्त हो गया। 27 से 29 अक्टूबर तक अत्यधिक बर्फबारी की आशंका को देखते हुए तकलाकोट प्रशासन ने भारतीय व्यापारियों को 26 अक्टूबर तक स्वदेश लौटने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी भारतीय व्यापारी निर्धारित समय तक सुरक्षित भारत लौट आए और इस वर्ष की व्यापारिक गतिविधियां संपन्न हो गईं।
उपजिलाधिकारी धारचूला के अनुसार, इस वर्ष भारतीय व्यापारियों ने कुल 74,95,325 रुपये का कारोबार किया, जबकि चीन से 74,51,402 रुपये मूल्य के सामान का आयात किया गया।
मौसम के बिगड़ते मिजाज और प्रतिकूल परिस्थितियों की आशंका के कारण व्यापारियों को समय से पहले वापसी करनी पड़ी। सीमांत क्षेत्र में होने वाला यह पारंपरिक व्यापार स्थानीय अर्थव्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों के आर्थिक संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण है। हालांकि, बर्फबारी के अलर्ट के चलते व्यापार सत्र को आगे जारी रखना संभव नहीं हो सका। सभी व्यापारियों की सुरक्षित वापसी के साथ इस वर्ष का व्यापारिक सत्र संपन्न हो गया।