
भाजपा परिवहन प्रकोष्ठ के 17 जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति, सोलन से प्रमोद शर्मा को जिम्मेदारी
शिमला, 11 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश परिवहन प्रकोष्ठ ने प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति कर दी है। परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मनोज कुमार राणा ने प्रदेश नेतृत्व से चर्चा के बाद जिला संयोजकों की सूची जारी की। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
जारी सूची के अनुसार शिमला से अमित चड्ढा, देहरा से सुभाष चंद, ऊना से संदीप शर्मा, सुंदरनगर से भूपेन्द्र रावत, कुल्लू से नूप राम, हमीरपुर से विनोद सोनी, बिलासपुर से राजेश पटियाल, महासू से पप्पू रांझटा, पालमपुर से मदन चौधरी, कांगड़ा से विनय वैदी, चंबा से नरेश महाजन, सोलन से प्रमोद शर्मा, सिरमौर से राहुल तोमर, मंडी से नरेन्द्र ठाकुर, नूरपुर से केवल कलोत्रा, किन्नौर से सीता राम नेगी और लाहौल-स्पीति से सोनम तंजिन को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।
सोलन की जिम्मेदारी प्रमोद शर्मा को
सोलन जिले के लिए प्रमोद शर्मा को जिला संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रमोद शर्मा परवाणू कैंटर यूनियन के प्रधान हैं और कसौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सक्रिय नेताओं में शामिल हैं। परिवहन क्षेत्र से जुड़े होने के कारण उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए महत्वपूर्ण चेहरा माना जा रहा है।
प्रदेश संयोजक मनोज कुमार राणा ने कहा कि नवनियुक्त जिला संयोजक परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों की समस्याओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाने के साथ-साथ जिला स्तर पर प्रकोष्ठ को सक्रिय एवं मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिला संयोजक संगठन के कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के साथ परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न वर्गों के साथ लगातार संवाद स्थापित करेंगे।
मनोज कुमार राणा ने सभी नवनियुक्त जिला संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे।