
गवरी माता का अपमान और जातिसूचक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के बाद पुलिस ने हरियाणा से दबोचा, न्यायालय ने भेजा जेल
उदयपुर। मेवाड़ की प्रसिद्ध पारंपरिक लोकनाट्य परंपरा गवरी और आदिवासी समाज के खिलाफ कथित रूप से अभद्र एवं जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में गोगुंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित घटना का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी अपलोड किया था।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी गिर्वा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी गोगुंदा प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गवरी खेलकर लौट रहे युवकों को रोका
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को चेनाराम गमेती, निवासी भाट, गोगुंदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि वह पारंपरिक गवरी खेल का हिस्सा है। 23 सितंबर को चाटियाखेड़ी से गवरी खेलकर गोगुंदा बाईपास लौटते समय काले रंग की थार में सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि व्यक्ति ने गवरी के पारंपरिक महिला श्रृंगार और रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाया। पीड़ित द्वारा इसे आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा बताए जाने के बाद आरोपी ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गवरी माता एवं आदिवासी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की।
इंस्टाग्राम पर अपलोड किया वीडियो
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूरे विवाद का वीडियो भी बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया।
हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने साइबर सेल एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पिन्कु पिता राजकुमार, उम्र 25 वर्ष, निवासी मुहाना थाना सफीदों, जिला जींद, हरियाणा को डिटेन कर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी प्रवीण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कालूलाल, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक गजराज सिंह शामिल रहे।
गवरी माता, गवरी विवाद, गोगुंदा पुलिस, Udaipur Police, Gawari Mata, Gawari Udaipur, आदिवासी समाज, जातिसूचक टिप्पणी, Instagram Viral Video, Goguanda News, Udaipur News, Mewar Gawari, मेवाड़ की गवरी, राजस्थान पुलिस, Gawari Festival