
आर्मी लिखी स्विफ्ट कार से 13 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद, धनहा गौतम बुद्ध सेतु चेक पोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
कारोबारी कार छोड़कर मौके से हुआ फरार
बगहा/धनहा। बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना पुलिस ने गौतम बुद्ध सेतु चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से 13 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आर्मी लिखी स्विफ्ट कार को पुलिस ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई को देखते ही कार में सवार कारोबारी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने स्विफ्ट कार की तलाशी ली, जिसमें से 13 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा फरार कारोबारी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। वाहन जांच की कार्रवाई ASI वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि शराब एवं इसके अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र में शराब की तस्करी रोकने के लिए चेक पोस्ट और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी लगातार जारी रखेगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फरार कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा सकती है।