बरेली जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से बुधवार शाम पॉक्सो एक्ट की एक आरोपी महिला बंदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने लापरवाही बरतने वाली दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
इज्जतनगर के तुला गांव निवासी 48 वर्षीय ममता देवी पर पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। वह जिला जेल में बंद थी। 31 अगस्त को विशेष पॉक्सो कोर्ट (एडीजे) में पेशी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस लाइन से महिला हेड कांस्टेबल नूतन सिसौदिया और महिला कांस्टेबल रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी।बुधवार शाम करीब 6 बजे आरोपी महिला ने सिपाहियों से बाथरूम जाने की बात कही और चकमा देकर परिसर से गायब हो गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब तलाश की गई, तो उसके फरार होने का अहसास हुआ।
Amroha, Amroha | Sep 3, 2026