
बहराइच के उत्कर्ष श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, सीनियर वर्ग में जीता कांस्य पदक
पांच वर्षों की मेहनत लाई रंग, राष्ट्रीय पदकों की संख्या पहुंची 13
बहराइच। जिले के होनहार पैरा तैराक उत्कर्ष श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर एक बार फिर बहराइच का नाम रोशन किया है। भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित 26वीं सीनियर नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 में उत्कर्ष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता की पुरुष एसएम-9 वर्ग की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले स्पर्धा में उत्कर्ष ने 3 मिनट 27 सेकंड 24 मिलीसेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया।
खास बात यह है कि उत्कर्ष लगातार पांच वर्षों से सब-जूनियर और जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर पदक जीतते आ रहे हैं। अब सीनियर वर्ग में भी पदक जीतकर उन्होंने अपनी सफलता का नया अध्याय जोड़ दिया है।
इस उपलब्धि के साथ ही उत्कर्ष के राष्ट्रीय स्तर पर जीते गए पदकों की कुल संख्या 13 हो गई है। उनकी यह सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन, कड़ी मेहनत और कभी हार न मानने वाले जज्बे का परिणाम है।
उत्कर्ष की इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने साबित कर दिया है कि मजबूत हौसले और दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।