
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विकास को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री से मिले सांसद नवीन जिन्दल
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास को लेकर हुई चर्चा
कुरुक्षेत्र, 11 सितंबर। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल ने कर्तव्य भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
सांसद नवीन जिन्दल ने बैठक में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में उद्योग और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को बेहतर कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए कुरुक्षेत्र को विकास के हर क्षेत्र में आगे ले जाना उनकी प्राथमिकता है। औद्योगिक विकास के साथ युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सांसद नवीन जिन्दल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘विकसित कुरुक्षेत्र-विकसित भारत’ के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास, रोजगार, कौशल और जनसेवा के कार्यों को आगे भी प्राथमिकता के साथ जारी रखा जाएगा।