रेवाड़ी एम्स तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लीफ ओवर निर्माण को मिली मंजूरी
-करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, दो वर्ष में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
-केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयासों से मिली परियोजना को मंजूरी, चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया था मामला
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
रेवाड़ी जिले के माजरा में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) तक आवागमन को सुगम और निर्बाध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एम्स को रेवाड़ी-नारनौल रोड (एनएच-11) से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार से करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज (लीफ ओवर) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है। केंद्रीय मंत्री लगातार एम्स तक बेहतर सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने चंडीगढ़ में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत रेवाड़ी-नारनौल रेलवे लाइन के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसमें कई लूप्स वाला ट्रम्पेट इंटरचेंज भी शामिल होगा, जिसके माध्यम से वाहनों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस परियोजना के पूरा होने से रेवाड़ी-नारनौल रोड से एम्स तक सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। इससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एम्स तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
Rewari, Rewari | Nov 19, 2026