
आशा बैठक एवं ग्राम स्तरीय कार्यशाला आयोजित
------
#श्योपुर-/ मलेरिया निरोधक माह जून 2026 के अंतर्गत जिले में जन-जागरूकता एवं मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों का निरंतर संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस.एन. बिंदल के निर्देशन में जिला स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक एवं विकासखंड कराहल के ग्राम मेहरबानी में मलेरिया जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
जिला स्तर पर आयोजित आशा कार्यकर्ताओं की बैठक में श्री श्यामलाल बाथम, मलेरिया निरीक्षक (शहरी क्षेत्र, श्योपुर) द्वारा मलेरिया नियंत्रण के लिए कार्ययोजना तैयार करते हुए आशा कार्यकर्ताओं को रोग के कारण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर समुदाय को जलभराव रोकने, पानी की टंकियों एवं कूलर की नियमित सफाई तथा मच्छरों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। साथ ही “कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है” संदेश के साथ बुखार के मरीजों की तत्काल जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बैठक में लार्वा सर्वे, लार्वा नष्टिकरण तथा रैपिड फीवर सर्वे नियमित रूप से किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
विकासखंड कराहल के ग्राम मेहरबानी स्थित आरोग्य मंदिर में आयोजित कार्यशाला में मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गोड द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया एवं डेंगू के लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर सुश्री महिमा चौहान, एएनएम सुश्री मोनिका डोंगरे, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में ग्रामीणों को मच्छरजनित रोगों से बचाव हेतु घर के आसपास पानी जमा न होने देने, पानी के बर्तनों एवं टंकियों की नियमित सफाई करने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur