
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को लेकर कुमारहट्टी में कल होगी महत्वपूर्ण बैठक
‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पंजाब से वाराणसी तक निकलेगी भव्य यात्रा, तैयारियों को मिलेगा अंतिम रूप : डॉ. सिकंदर कुमार
शिमला। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत पंजाब से वाराणसी तक प्रस्तावित भव्य यात्रा की तैयारियों को लेकर 6 नवंबर, 2026 को सोलन जिला के कुमारहट्टी स्थित होटल न्यू वैदिक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी राज्यसभा सांसद, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं गुरु रविदास जी महाराज 650वीं जयंती अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ. सिकंदर कुमार ने दी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लाल सिंह आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहकर अभियान और प्रस्तावित यात्रा को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी तिलक राज शर्मा, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी सुमीत शर्मा, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पवन काजल, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन जिला भाजपा अध्यक्ष रतन सिंह पाल, सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित जिला सिरमौर और जिला सोलन की संपूर्ण जिला एवं मंडल टोलियां भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष यात्रा पंजाब से शुरू होकर चंडीगढ़ के रास्ते हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। बैठक में हिमाचल में यात्रा के स्वागत, विभिन्न पड़ावों तथा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश देती हैं। ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से इन विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।