घर से लापता हुआ 4 वर्षीय मासूम हार्दिक सकुशल बरामद, पुलिस की तत्परता से मां की लौटी खुशियां
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
जालौन/उरई। उरई कोतवाली क्षेत्र के नया पाठकपुरा मोहल्ले में देर शाम घर से लापता हुए चार वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के लापता होने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई थी। जानकारी के अनुसार, नया पाठकपुरा निवासी चार वर्षीय हार्दिक देर शाम अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर उरई की कोंच बस स्टैंड चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की तलाश शुरू की और उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मासूम हार्दिक को उसकी मां प्रतिभा के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जालौन पुलिस की तत्परता की सराहना की।
#jalaunpolice #UPPolice
Orai, Jalaun | Nov 5, 2026