
बलिया के दुबहर थाना क्षेत्र में रविवार को बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टेकार पुलिया के पास गंगा नदी के बाढ़ के पानी में चार युवक डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अनीश अंसारी (16) और गोलू गोड (17) गहरे पानी में डूब गए। काफी तलाश के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर गांव के पांच दोस्त दो बाइक से टेकार पुलिया के पास पहुंचे थे। बाइक खड़ी करने के बाद चार युवक बाढ़ के पानी में नहाने लगे, जबकि एक साथी बाहर खड़ा था। इसी दौरान चारों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बाहर खड़े दोस्त के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दो युवकों को बचा लिया, लेकिन अनीश और गोलू का पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई और दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान रघुनाथपुर निवासी अनीश अंसारी, पुत्र चुन्नू अंसारी और गोलू गोड, पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दो किशोरों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। बाढ़ के पानी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर लोगों को उफनती नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
#Ballia #बलिया #Balliakhabar #दुबहड़ #बाढ़ #गंगा #Drowning #NDRF #FloodNews #BreakingNews