
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 11वीं में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर तक।
प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को, चयन मेधा सूची के आधार पर।
बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 11वीं (कला एवं विज्ञान संकाय) में नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 3 नवंबर 2026 निर्धारित है, जबकि प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में सहायक निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, पश्चिम चम्पारण, बेतिया श्री अब्दुल रशीद ने बताया कि बिहार में निवास करने वाले अल्पसंख्यक समुदायों, यथा मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन एवं पारसी समुदाय के छात्र-छात्राएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य के दरभंगा, किशनगंज, नालंदा, कैमूर, मुजफ्फरपुर, जमुई, कटिहार, सुपौल एवं अन्य निर्धारित जिलों में संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों के साथ-साथ पूर्णिया (कैम्प-कटिहार), सहरसा (कैम्प-सुपौल), मुंगेर (कैम्प-जमुई), पूर्वी चम्पारण (कैम्प-मुजफ्फरपुर) एवं रोहतास (कैम्प-कैमूर) के लिए भी नामांकन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
*नामांकन के लिए पात्रता एवं चयन प्रक्रिया*
नामांकन के लिए कक्षा 9वीं में अधिकतम आयु सीमा 16 वर्ष तथा कक्षा 11वीं में अधिकतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है। अभ्यर्थियों की अधिकतम पारिवारिक वार्षिक आय 6 लाख रुपये होनी चाहिए। नामांकन प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधा सूची के अनुसार किया जाएगा।
*छात्र-छात्राओं को मिलेंगी निःशुल्क सुविधाएं*
अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा एवं आवासन के साथ भोजन, वस्त्र, दवा और पुस्तकें उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाओं तथा उच्च माध्यमिक स्तर पर पीसीएम, पीसीबी एवं कला संकाय में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
नामांकन में 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए तथा बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के आरक्षण संबंधी प्रावधानों का अनुपालन किया जाएगा।
*ऑनलाइन आवेदन एवं महत्वपूर्ण तिथियां*
इच्छुक छात्र-छात्राएं विभागीय वेबसाइट https://minority.bihar.gov.in/schoolmis/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्रों सहित आवश्यक दस्तावेज, फोटोग्राफ और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा।
प्रवेश-पत्र 7 से 10 नवंबर 2026 तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को आयोजित होगी तथा परीक्षाफल 25 नवंबर 2026 को प्रकाशित किया जाना निर्धारित है। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 1 से 7 दिसंबर 2026 तक होगा और शैक्षणिक सत्र 8 दिसंबर 2026 से प्रारंभ होगा।
सहायक निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, पश्चिम चम्पारण ने बताया कि विभागीय पत्रांक 4284, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 के आलोक में संचालित इस नामांकन प्रक्रिया के तहत इच्छुक छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, पश्चिम चम्पारण, बेतिया के दूरभाष संख्या 06254-241132 पर संपर्क कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://state.bihar.gov.in/minoritywelfare/ पर भी प्राप्त की जा सकती है।
#samratchoudhary
#cmsamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Minority Welfare Department, Govt. of Bihar