
*हंस नगर पीएनजी गैस ब्लास्ट मामला: रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही बरतने वाला एक और आरोपी (प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट) गिरफ्तार।*
शहर के मोहल्ला हंस नगर में गत 5 जुलाई को पीएनजी (PNG) पाइपलाइन से गैस रिसाव के कारण हुए भीषण ब्लास्ट और दो लोगों की दर्दनाक मौत के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने त्वरित व सख्त कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अंकित कुमार त्रिवेदी निवासी गांव फतेहपुर, जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो आईजीएल कंपनी की सहयोगी कंपनी ' रेजोनेंस' में 'प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट' के पद पर तैनात था। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
*घटना का संक्षिप्त विवरण*
जांचकर्ता ने बताया की मोहल्ला हंस नगर रेवाड़ी निवासी पीड़िता मधु ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था की गत 5 जुलाई को पीएनजी पाइपलाइन टेस्टिंग के दौरान उनके घर के पास गैस एकत्रित हो गई थी, जिसकी दुर्गंध उसके पति सतबीर ने हादसे से ठीक पहले महसूस की थी। जब उनकी बेटी तन्नू ने कपड़े प्रेस करने के लिए बिजली का स्विच ऑन किया, तो अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में उसके पति सतबीर, बेटी तन्नू, पड़ोसी जयभगवान और 2 वर्षीय भतीजी खुशी गंभीर रूप से झुलस गए थे। आग बुझाने के प्रयास में उसके हाथ भी झुलस गए थे।
उपचार के दौरान सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में 9 जुलाई को पीड़िता की बेटी तन्नू तथा 11 जुलाई को पीड़िता के पति सतबीर सिंह की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। पीड़िता ने इस हादसे के लिए आईजीएल (IGL) कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया था, जिस पर पुलिस ने थाना माडल टाउन रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
*पुलिस जांच एवं पूर्व में गिरफ्तारियां*
जो मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच का जिम्मा प्रबंधक थाना सदर रेवाड़ी, पीएसआई राकेश कुमार को सौंपा था।
प्रबंधक थाना सदर रेवाड़ी पीएसआई राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह हादसा पीएनजी (PNG) गैस लीक होने के कारण हुआ था। जांच के आधार पर पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में आईजीएल का ठेका लेने वाली कंपनी 'डीएससी ट्रेडर्स' के प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल निवासी वार्ड नं. 8 धारूहेड़ा, सुपरवाइजर रंजीत निवासी गांव काठूवास और सहयोगी कंपनी ' रेजोनेंस' के आरसीएम संदीप कुमार निवासी गोविंदपुरी, मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (यूपी) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
*हालिया गिरफ्तारी:*
जो इस मामले में प्रबंधक थाना सदर रेवाड़ी पीएसआई राकेश कुमार ने मंगलवार को मामले में संलिप्त एक और आरोपी अंकित कुमार त्रिवेदी (आईजीएल कंपनी की सहयोगी कंपनी ' रेजोनेंस' के प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट)- निवासी गांव फतेहपुर, जिला लखीमपुर (यूपी) को गिरफ्तार कर लिया है।
*पुलिस अधीक्षक का संदेश*
रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और सुरक्षा मानकों में घोर लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और घटना में संलिप्त अन्य दोषियों की गिरफ्तारी भी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
Rewari, Rewari | Sep 16, 2026