
पॉक्सो एक्ट को लेकर न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
बच्चों को बताए उनके अधिकार, असहज या गलत व्यवहार होने पर भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी देने की दी सलाह
संत कबीर नगर, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के अध्यक्ष रणधीर सिंह के नेतृत्व में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में पॉक्सो एक्ट एवं विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तथा पॉक्सो कानून के प्रावधानों की जानकारी दी गई।राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, खलीलाबाद में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अपर जिला जज प्रथम गजेन्द्र ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी छात्र-छात्रा के साथ अथवा उसके किसी मित्र के साथ ऐसा कोई शारीरिक या अन्य अनुचित व्यवहार होता है, जिससे वह असहज महसूस करे, तो ऐसी घटना को छिपाने या डरने के बजाय तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते शिकायत करने से संबंधित घटना की कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।उन्होंने विद्यार्थियों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया।इसी क्रम में डीएवी इंटर कॉलेज, मेंहदावल में सिविल जज जूनियर डिवीजन अशोक कुमार कसौधन तथा प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड नरेन्द्र कुमार यादव ने जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून की जानकारी दी। उन्होंने कानून के अंतर्गत आने वाले अपराधों, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों तथा दोष सिद्ध होने पर निर्धारित दंड के संबंध में विस्तार से बताया।जागरूकता अभियान के दौरान चीफ एलएडीसीएस अंजय श्रीवास्तव, प्रज्ञा श्रीवास्तव, मीडिएटर नासरीन खान, भानुप्रकाश यादव सहित पराविधिक स्वयंसेवक अरविन्द राय, संध्या रानी, अफराक अहमद, मंजूरानी शर्मा, अमित त्रिपाठी एवं लल्लन आदि ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पॉक्सो एक्ट एवं विधिक जागरूकता शिविरों के आयोजन में सहयोग किया।