
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर थाना प्रभारियों की बैठक, 13 थाना प्रभारी रहे अनुपस्थित; मांगा गया स्पष्टीकरण
लखीसराय। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के सचिव विधानंद सागर के प्रकोष्ठ में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए चिन्हित किए जा रहे मामलों और पक्षकारों को नोटिस तामिला कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि विभिन्न न्यायालयों से राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अभिलेख चिन्हित किए जा रहे हैं। चिन्हित मामलों में पक्षकारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। वहीं प्री-लिटिगेशन मामलों में भी संबंधित पक्षकारों को नोटिस निर्गत किए जा रहे हैं।
सचिव ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जारी नोटिस का ससमय तामिला सुनिश्चित कराते हुए तामिला प्रतिवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में समय पर जमा करें। साथ ही अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बड़हिया, सूर्यगढ़ा, हलसी, चानन, पीरी बाजार, कजरा, मानिकपुर, मेदनी चौकी, किऊल, हरिजन थाना, तेतरहाट, अमहरा एवं बन्नूबगीचा थाना के प्रभारी अनुपस्थित रहे। बैठक में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा तैयारियों को तेज कर दिया गया है।