
सारण जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त सारण” के तहत मकेर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग DCM ट्रकों से कुल 9616.845 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मकेर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक 6-चक्का DCM ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड कर रेवा घाट के रास्ते मुजफ्फरपुर बाईपास की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 6242.61 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
इसके कुछ देर बाद पुलिस को एक और DCM ट्रक से शराब तस्करी की सूचना मिली। थाना गेट के पास सघन वाहन जांच के दौरान दूसरे ट्रक को रोका गया। तलाशी में ट्रक से 3374.235 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में मकेर थाना कांड संख्या 161/26 एवं 162/26 दर्ज कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात निवासी मनोज छाजू राम राजपूत एवं हरियाणा निवासी हरीश कुमार के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो DCM ट्रक, तीन मोबाइल फोन और दो फास्टैग भी जब्त किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। इस अभियान में मद्यनिषेध टीम बिहार, पटना का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
Chapra, Saran | Jun 2, 2026