
डीएम ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज, अभियान बसेरा, भूमि मापी, सरकारी परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, राजस्व महाअभियान, अतिक्रमण, सहयोग पोर्टल तथा भूमि विवाद से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने परिमार्जन प्लस की समीक्षा के क्रम में 120 दिनों से अधिक समय से लंबित एवं पुराने आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।साथ ही दाखिल-खारिज, अभियान बसेरा एवं भूमि मापी के लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न सरकारी परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में निर्देश दिया गया कि राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों के लिए RTPS के माध्यम से आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राथमिकता के आधार पर निर्गत किए जाएं। साथ ही राजस्व महाअभियान की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रखंडवार स्थिति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र, नियमानुसार एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, सहयोग पोर्टल पर दर्ज राजस्व संबंधी मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। भूमि विवाद से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा आवश्यकता के अनुसार आवेदकों को उचित फोरम से संपर्क करने हेतु समुचित मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया गया।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने लॉगिन पर लंबित मामलों को शीघ्र अग्रसारित करते हुए नियमानुसार उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी-सह-प्रभारी अपर समाहर्त्ता, नवादा, भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, हल्का कर्मचारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Rajauli, Nawada | Aug 13, 2026