तिरंगे के रंग में सजा विजन स्कूल, देशभक्ति प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर
देशभक्ति के रंग में रंगा विजन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस
अनोखा तीर, हरदा। विजन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा हुआ था और पूरा वातावरण “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे विद्यार्थियों द्वारा फैंसी ड्रेस में स्वतंत्रता सेनानियों की झांकी और नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समन्वित देशभक्ति नृत्य रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आजादी हमें विरासत में मिली है, इसे हमें शिक्षा, एकता और कड़ी मेहनत से और मजबूत बनाना है।” उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के संस्थापक डॉ. आर.के. दोगने, संचालक कुणाल दोगने, मुकेश गुर्जर एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थी नियमित ग्रे यूनिफॉर्म में सुबह 7:55 बजे विद्यालय पहुंचे। स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन सुबह 11:30 बजे हुआ। अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों ने राष्ट्र की प्रगति, एकता और उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लिया।