संस्कार विद्यापीठ में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छात्र परिषद का गठन
ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने चुने अपने प्रतिनिधि, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई कर्तव्य एवं अनुशासन की शपथ
अनोखा तीर, हरदा। संस्कार विद्यापीठ में छात्र परिषद का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। छात्र परिषद के विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने ऑनलाइन वोटिंग के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार सीनियर हेड बॉय के पद पर भूपेंद्र सिंह राजपूत एवं सीनियर हेड गर्ल के पद पर गोपी शर्मा चयनित हुए। इसी प्रकार जूनियर हेड बॉय के पद पर यशराज तोमर तथा जूनियर हेड गर्ल के पद पर अश्री पटेल का चयन हुआ।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
छात्र परिषद गठन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी घनश्याम दास सोमानी उपस्थित रहे। इसके अलावा सुनील गुर्जर, हेमंत टाले, शाला प्रबंधन के नटवर पटेल, नवनीत पटेल, लोकेश पटेल, मार्गदर्शक सुभाष शुक्ला, प्राचार्या सुश्री राजेश्वरी गीते एवं उप-प्राचार्य दिलीप पाटीदार मौजूद रहे।
अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को सेशे पहनाकर एवं बैज प्रदान कर उनके पद की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जिम्मेदारी का भाव देखने को मिला।
कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्या सुश्री राजेश्वरी गीते ने छात्र परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, नेतृत्व एवं विद्यालय के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने पद की जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्र परिषद का गठन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। चुनाव के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी मिला।
विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित छात्र परिषद पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जिम्मेदार कार्यकाल की कामना की।