
समाहरणालय, बेगूसराय
=================
(जिला जन-संपर्क कार्यालय)
====================
प्रेस विज्ञप्ति 136
दिनांक 19 अगस्त, 2026
=================
बेगूसराय जिले में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, समुचित वृद्धि-विकास तथा बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 अगस्त 2026 को जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत अन्नप्राशन दिवस का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम कार्यालय, बेगूसराय के अंतर्गत संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यक्रमों में ‘बेटी जन्मोत्सव’ एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-69, विष्णुपुर में अन्नप्राशन दिवस सह पोषण उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप मेयर श्रीमती अनीता राय, स्थानीय वार्ड पार्षद एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आंगनवाड़ी केंद्र को रंगोली, गुब्बारों एवं फूलों से सजाया गया था। महिलाओं द्वारा पारंपरिक सोहर एवं पोषण जागरूकता गीत प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर बालिकाओं का विशेष अन्नप्राशन कर उन्हें उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मेयर श्रीमती अनीता राय ने कहा कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद शिशुओं को मां के दूध के साथ पूरक आहार देना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। सुपोषित बच्चे ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव रखते हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत बालिकाओं का विशेष अन्नप्राशन समाज में बेटा-बेटी के बीच समानता एवं बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश देता है।
इसी क्रम में जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत ‘बेटी जन्मोत्सव’ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल एवं बरौनी प्रखंड अस्पताल में भी ‘बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी कन्या शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा उन्हें वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनकी माताओं को फलों की टोकरी एवं बधाई संदेश कार्ड देकर प्रोत्साहित किया गया। जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कुल 90 कन्या शिशुओं को ड्रेस तथा उनकी माताओं को बधाई संदेश कार्ड एवं फलों की टोकरी प्रदान की गई।
मंसूरचक बाल विकास परियोजना के अंतर्गत भी अन्नप्राशन गतिविधि एवं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लाभार्थी बच्चे का विधिवत अन्नप्राशन कराया गया तथा बच्चे को वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चे की माता को प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
रमदिरि-4 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-3 पर भी सामूहिक अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पात्र शिशुओं का विधिवत अन्नप्राशन कराया गया तथा अभिभावकों को शिशुओं के उचित पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित वृद्धि-विकास के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मटिहानी बाल विकास परियोजना एवं महिला विकास निगम की टीम ने सहभागिता की।
कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित माताओं, अभिभावकों एवं आमजनों को बाल पोषण, बच्चों की समुचित देखभाल, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा बेटा-बेटी में समानता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ बचपन और शिक्षित बेटियां ही सशक्त एवं समृद्ध समाज की मजबूत नींव हैं।
इन आयोजनों में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी, वन स्टॉप सेंटर, बेगूसराय की केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी, परामर्शी स्वीटी कुमारी, केस वर्कर मणिभूषण मिश्रा, डीएचईडब्ल्यू के जिला मिशन समन्वयक राजकुमार सिन्हा सहित संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, अस्पताल के चिकित्सक, लाभार्थी बच्चे एवं उनकी माताएं तथा आमजन उपस्थित रहे। तकनीकी सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ज्ञानोदय प्रकाश, दीपक मिश्रा, आदित्य विशाल एवं गणेश खम्बे ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में पोषण, स्वास्थ्य, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।