
राष्ट्रीय सम्मान के बाद तेलकप पंचायत। और सामाहुता में जश्न, मुखिया अनीता टोप्पो के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद तेलकप पंचायत में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो और आदर्श ग्राम समहुता के मुखिया रंजीत कुमार के दिल्ली से रोहतास आगमन पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा रोड शो निकालकर खुशी का इजहार किया।
गौरतलब है कि नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह में अनीता टोप्पो को उत्कृष्ट पंचायत संचालन एवं सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान राजीव रंजन सिंह ने प्रदान किया।
सम्मान के बाद पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचीं अनीता टोप्पो के स्वागत के लिए सैकड़ों लोग वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे। रोड शो में जिला पार्षद कंचन कुमारी, उप मुखिया लाल बिहारी सिंह, धनंजय पासवान, सनोज चंद्रवंशी, अनिल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। ग्रामीणों ने इसे पूरे रोहतास जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस सम्मान से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को नई पहचान मिली है।