JSSC CGL परीक्षा रद्द, हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला
झारखंड में लंबे समय से JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। रांची के प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में JSSC CGL परीक्षा रद्द करने पर सहमति बनी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द की जाएंगी, चाहे संबंधित परीक्षा की चयन प्रक्रिया पूरी ही क्यों न हो चुकी हो। साथ ही CGL परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच भी कराई जाएगी। सीएम ने कहा कि आंदोलन कर रहे सभी युवा राज्य के नौजवान हैं और सरकार उनके हितों के साथ खड़ी है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर पूर्व की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि निर्धारित SOP का सख्ती से पालन होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अमिताभ कौशल के नेतृत्व में उच्चस्तरीय कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी JSSC और JPSC की परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा आवश्यक सुधारों को लेकर अपनी सिफारिशें देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने और उनका भरोसा कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।