फतेहसागर झील में मिला व्यक्ति का शव, नागरिक सुरक्षा विभाग ने रेस्क्यू कर पुलिस को सौंपा
उदयपुर, 21 जून। उदयपुर की फतेहसागर झील में शनिवार रात एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने तत्काल टीम को मौके पर रवाना किया।
रात्रि करीब 9:30 बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से झील से शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु अम्बामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रहलाद पाटीदार (46 वर्ष) निवासी डूंगरपुर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा मृत्यु के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में गोताखोर विपुल चौधरी, कैलाश मेनारिया, भवानी शंकर वाल्मीकि, हीरालाल प्रजापत, दिनेश गमेती, प्रवीण सिंह राठौड़ एवं कैलाश गमेती सहित नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।