
मोरनी हिल्स के प्रगतिशील किसान वीरेंद्र बाजवान को मिला ‘प्रोग्रेसिव मशरूम ग्रोअर अवॉर्ड-2026’
मोरनी, 11 सितंबर। मोरनी हिल्स, पंचकूला के प्रगतिशील मशरूम किसान वीरेंद्र बाजवान को मशरूम उत्पादन में नवाचार, वैज्ञानिक खेती, औषधीय मशरूमों के प्रचार-प्रसार और मूल्यवर्धित उत्पादों के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘प्रोग्रेसिव मशरूम ग्रोअर अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान आईसीएआर-डायरेक्टोरेट ऑफ मशरूम रिसर्च, सोलन में आयोजित राष्ट्रीय मशरूम मेले के अवसर पर प्रदान किया गया।
वीरेंद्र बाजवान पिछले करीब 16 वर्षों से गैनोडर्मा/रेशी सहित औषधीय मशरूम की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक मशरूम उत्पादन और कृषि उद्यमिता को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया है।
उनके प्रयासों से क्षेत्र में मशरूम की वैज्ञानिक खेती के साथ-साथ मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की दिशा में भी काम को बढ़ावा मिला है। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और मशरूम उत्पादन के माध्यम से आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
वीरेंद्र बाजवान की इस उपलब्धि से मोरनी क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।