
डीएसपी शेर सिंह ठाकुर ने संभाला कार्यभार, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर
कांगड़ा:डाडा सीबा/जसवां प्रागपुर। डाडा सीबा में नए डीएसपी के रूप में शेर सिंह ठाकुर ने कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह कुल्लू-बंजार में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कार्यभार संभालने के बाद थाना संसारपुर टेरस के एसएचओ संजय शर्मा ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर गहन बातचीत की।
डीएसपी शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में नशे, विशेषकर चिट्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डाडा सीबा क्षेत्र को नशामुक्त बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात भी कही।
डीएसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ पीड़िताओं को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
नए डीएसपी शेर सिंह ठाकुर के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशा उन्मूलन को लेकर लोगों में सकारात्मक उम्मीदें जगी हैं।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #DadaSiba #JaswanPragpur #DSP #HimachalPolice #DrugFreeHimachal #CrimeNews