
पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हथीन क्राइम ब्रांच (AVT स्टाफ) ने चोरी की ईको कार सहित शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस पलवल द्वारा अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए, हथीन क्राइम ब्रांच (AVT स्टाफ) टीम ने एक शातिर वाहन चोर को चोरी की मारुति ईको कार सहित गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महबूब पुत्र नूरदीन, निवासी गांव मौहदमका, थाना हथीन, जिला पलवल के रूप में हुई है।
हथीन क्राइम ब्रांच (AVT स्टाफ) प्रभारी P/SI दीपक गुलिया ने बताया कि दिनांक 2 जून को AVT स्टाफ हथीन के सब-इंस्पेक्टर हक्मुद्दीन के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराध रोकथाम व गश्त के संबंध में क्राईम जयन्ती मोड हथीन पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी महबूब, जो चोरी की गाड़ियां बेचने व चलाने का काम करता है, एक सफेद रंग की चोरी की मारुति ईको कार लेकर मानपुर रोड मौहदमका चौक पर किसी ग्राहक या साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस की सरकारी गाड़ी को आते देख आरोपी कार छोड़कर भागने लगा, जिसे मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर ही धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपी से जब गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। गाड़ी पर आगे-पीछे कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी। इसके बाद पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से वाहन के चेचिस नंबर और इंजन नंबर की जांच की, तो पता चला कि उक्त ईको कार का असली नंबर HR-51BE-9691 है, जो कि दिनांक 27/04/2026 को थाना सेक्टर 65, गुरुग्राम से चोरी हुई थी (मुकदमा नंबर 200)2026, धारा 305 BNS)।
प्रभारी क्राइम ब्रांच ने बताया कि बरामद गाड़ी को कब्जा में लेकर आरोपी महबूब के खिलाफ थाना हथीन में मुकदमा नंबर 170, दिनांक 02/06/2026, धारा 317(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।