
बरौनी चौक में 12 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
संवाददाता मुकेश कुमार
बरौनी/बेगूसरायः बुधवार की शाम फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बरौनी चौक स्थित कालालिखना के समीप 12 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या 06 निवासी मोहम्मद कैसर के 12 वर्षीय पुत्र दिलशाद के रूप में हुई है।
जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे के शव को दिन दयाल रोड स्थित लाइफ केयर क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने शव को बरौनी चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और घटना का विरोध जताया। घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय साहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बच्चे की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसी दौरान भीड़ में एक व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। फुलवड़िया थाना की 112 टीम के प्रभारी भूपेंद्र साह ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर उसकी जान बचाई।
घटना की सूचना पर तेघड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कृष्ण सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकरफुलवड़िया थाना ले गई।
मौके पर फुलवड़िया थाना के एएसआई गौतम कुमार, संजीव कुमार, उपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा