
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा सीतामढ़ी: जिला परिषद पति की 8 गोली मारकर हत्या, आरोपी का घर फूंका, थानाध्यक्ष सस्पेंड
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया निवासी और जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य खुश्दिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की शनिवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि वह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया.
गुस्साए लोगों ने आरोपी का घर फूंक दिया. मौके पर 12 थानों की पुलिस पहुंची है. SP-SDM भी मौके पर पहुंचे हैं. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हमले में ट्राफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार का सिर फूट गया है. आनन फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. पुलिस की 8 गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई है.SP ने डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और आईओ आदित्य कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पुलिस केंद्र में वापस बुला लिया है. एसपी ने बताया कि इनकी कार्यशैली कर्तव्य की प्रति घोर लापरवाही, अपराध नियंत्रण में विफलता एवं विधि व्यवस्था में शिथिलता परिलक्षित करता है. परिवार ने आरोप लगाया था कि 2 बार फायरिंग होने के बाद भी थनाध्यक्ष ने एक्शन नहीं लिया.