समस्तीपुर में बुलेट और साइकिल की भीषण टक्कर, राजमिस्त्री समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत
#समस्तीपुर जिले के #रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर उत्तर पंचायत के गेहूंमाना गांव के समीप गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बुलेट मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में साइकिल सवार राजमिस्त्री और बुलेट पर पीछे बैठे मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
#मुरादपुर निवासी पूर्व चौकीदार के पुत्र व सीआरपीएफ जवान महेश पासवान अपनी बुलेट से करियन गांव निवासी मजदूर विक्की कुमार (35) को साथ लेकर जा रहे थे. रात करीब नौ बजे गेहूंमाना गांव के निकट सामने से साइकिल पर आ रहे राजमिस्त्री डब्लू साह (24) की बुलेट से भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग छिटककर सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए. अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डब्लू साह और विक्की कुमार ने दम तोड़ दिया.