
#बालाघाट
बालाघाट जिले में 24 से 27 जून तक हल्की वर्षा एवं आंधी-तूफान की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग, नई दिल्ली के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से प्राप्त पांच दिवसीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बालाघाट जिले में 24 जून से 27 जून 2026 के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस अवधि में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने, हल्की वर्षा होने तथा कहीं-कहीं बिजली गिरने और आंधी-तूफान की संभावना व्यक्त की गई है।
जिला कृषि मौसम इकाई, कृषि विज्ञान केन्द्र बडगांव-बालाघाट के वैज्ञानिक डॉ. धमेंद्र अगासे ने बताया कि जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने किसानों एवं आम नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में जिले का अधिकतम तापमान 38.3 से 38.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25.3 से 25.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं सुबह के समय वायुमंडलीय आर्द्रता 75 से 76 प्रतिशत तथा दोपहर में 56 से 57 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस अवधि में दक्षिण दिशा से लगभग 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। कृषि विज्ञान केन्द्र ने किसानों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने तथा बिजली गिरने एवं तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। जिला कृषि मौसम इकाई ने बताया कि मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए किसान नियमित रूप से विभागीय सलाह एवं मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #Indiametdept