प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
18 नवंबर 2026
शीर्षक: राज्य स्तरीय क्रिकेट (बालक) अंडर-17 प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, पहले दिन भागलपुर और मगध प्रमंडल ने दर्ज की जीत।
जमुई: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय क्रिकेट (बालक) अंडर-17 प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों-पटना, मुंगेर, तिरहुत, कोशी, भागलपुर, पूर्णिया, सारण, दरभंगा एवं मगध की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी शामिल हैं।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में टाई-शीट के अनुसार कुल आठ मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के सभी नॉकआउट मुकाबले एवं सेमीफाइनल 15-15 ओवर के होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 20 ओवर का खेला जाएगा।
प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम, जमुई में भागलपुर एवं कोशी प्रमंडल के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोशी की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट खोकर 163 रन बनाए और मुकाबला 11 रन से अपने नाम कर लिया। भागलपुर की ओर से मो. इनाम शोएब ने 32 गेंदों में 55 रन तथा अनुकूल ने 31 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं कोशी की ओर से सईद रबाब ने 35 गेंदों में 48 रन, अंकित कुमार ने 20 गेंदों में 34 रन तथा अभिषेक सिंह ने 8 गेंदों में 19 रन बनाए। शानदार बल्लेबाजी के लिए भागलपुर के मो. इनाम शोएब को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मुकाबला सोनपे के मैदान में सारण एवं मगध प्रमंडल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सारण की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मगध प्रमंडल की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण की टीम 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। इस प्रकार मगध प्रमंडल ने 47 रन से शानदार जीत दर्ज की। मगध की ओर से रनवीर अमरेन्द्र कुमार ने 34 गेंदों में सर्वाधिक 55 रन बनाए। वहीं आकाश दिलखुश एवं अमन ने क्रमशः 32 एवं 26 रन का योगदान दिया। सारण की ओर से आर्यन राज ने 32 रन तथा प्रशांत कुमार ने 30 रन बनाए। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मगध प्रमंडल के रनवीर अमरेन्द्र कुमार को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह, खेल कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। यह प्रतियोगिता न केवल युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी समन्वय को भी बढ़ावा देगी।
Jamui, Bihar | Nov 19, 2026