
सालाबाद में बह रही श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा
कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
जालौन। ग्राम सालाबाद में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दूसरे दिन श्रद्धालुओं को भक्ति और ज्ञान की अमृतवर्षा का रसपान कराया गया। वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक पं. शिवम नगायज शास्त्री ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
यह धार्मिक आयोजन श्री श्री 1008 शंकर दास जी महाराज, करनखेड़ा के सानिध्य में कराया जा रहा है। महापुराण कथा अमृतवर्षा का आयोजन 12 से 18 नवंबर तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कथावाचक ने श्रीमद्भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति मिलती है और जीवन में सद्कर्मों की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में परीक्षित के रूप में दुर्गाप्रसाद प्रजापति अपनी भूमिका निभा रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
Jalaun, Jalaun | Nov 14, 2026