कलेक्टर ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा की
-जिले में मिशन कोड शक्ति के तहत स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगी एआई की शिक्षा
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा की। उन्होंने योजना के तहत शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निर्धारित मापदंड के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूलों के मध्यान्ह भोजन निर्माण कक्षों में एग्जॉस्ट फैन एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही सभी स्कूलों में पेयजल परीक्षण किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि समय-समय पर पेयजल की गुणवत्ता की जांच की जा सके। बैठक में विद्यालयों में नामांकन की स्थिति एवं विद्यार्थियों की अपार आईडी अद्यतन करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी समय पर अपडेट कराने के निर्देश दिए।
मिशन कोड शक्ति के तहत विद्यार्थियों को मिलेगी एआई की शिक्षा
बैठक में मिशन कोड शक्ति के तहत जिले के स्कूली विद्यार्थियों को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की शिक्षा दिए जाने की तैयारियों की भी जानकारी दी गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल कौशल से जोड़ने के लिए कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जैन ने विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण तथा खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कमियां पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ, जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी, डीपीसी गरिमा टोप्पो सहित शिक्षा विभाग के मैदानी अधिकारी मौजूद थे।