
सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को खेलों के माध्यम से रचनात्मक दिशा देने का कर रहे हैं प्रयास: पवन गर्ग
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत लाडवा विधानसभा में पांच स्थानों पर दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम
11 से 13 नवंबर तक लाडवा में पांच स्थानों पर होंगी 11 खेल प्रतियोगिताएं, तैयारियों का लिया जायजा
लाडवा, 10 नवंबर। सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 11 से 13 नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए लाडवा विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने के लिए पांच खेल केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां अलग-अलग खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे।
इस अवसर पर पवन गर्ग चेयरमैन संजय गांधी मेमोरियल स्कूल ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उनमें अनुशासन और टीम भावना विकसित करना है। सांसद खेल महोत्सव युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए पांच स्थानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जा रही है। इनमें मार्कंडेश्वर स्टेडियम, शाहाबाद में हॉकी, द्रोणाचार्य स्टेडियम, कुरुक्षेत्र में बॉक्सिंग, खेल स्टेडियम, धनौरा जाटान में कुश्ती, जूडो एवं टग ऑफ वॉर, संजय गांधी स्कूल, लाडवा में फुटबॉल एवं वॉलीबॉल तथा बकाली स्टेडियम में एथलेटिक्स, क्रिकेट एवं कबड्डी के मुकाबले होंगे।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लें। सांसद नवीन जिन्दल की यह पहल क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान कर रही है।