
🚨मौसम अलर्ट को लेकर CM धामी सख्त, अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में ऑरेंज अलर्ट, अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है। प्रदेश के अन्य जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर संवेदनशील मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया जाए और सड़क बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने को कहा है। पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य बचाव दलों को जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और प्रभावित लोगों को जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
#UttarakhandWeather #CMDhami #OrangeAlert #UttarakhandNews #WeatherAlert #newsmafiya