
रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने जताई आशंका
पांवटा साहिब (सिरमौर):
रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक संदिग्ध वाहन द्वारा उनका पीछा किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस पूरे मामले को अपनी सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए सिरमौर और देहरादून प्रशासन से निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राकेश उत्तराखंडी के अनुसार, वे किसी संगठनात्मक बैठक के सिलसिले में पांवटा साहिब से शिलाई जा रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी लगातार उनके वाहन का पीछा करती हुई दिखाई दी। हैरानी की बात यह रही कि शिलाई में रुद्र सेना हिमाचल की बैठक संपन्न होने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तब भी वही गाड़ी उनके पीछे चलती रही। इस घटनाक्रम को उनके चालक और अंगरक्षक ने भी स्पष्ट रूप से नोटिस किया।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्होंने इस मामले को लेकर पोस्ट साँझा की हैं, राकेश उत्तराखंडी ने बताया कि वापसी के दौरान सतौन में उनकी टीम पहले से उनका इंतजार कर रही थी। वहां पहुंचने पर भी वह संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी कुछ दूरी पर आकर रुक गई। उन्होंने दावा किया कि उस गाड़ी में कुछ हथियारबंद व्यक्ति भी मौजूद थे। जिससे मामला बेहद गंभीर और चिंताजनक हो जाता है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध फॉर्च्यूनर गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट जांचने पर वह किसी 'मारुति सुजुकी स्विफ्ट' कार के नाम पर पंजीकृत पाई गई है। यदि यह तथ्य सही साबित होता है, तो किसी अन्य वाहन का नंबर इस्तेमाल करना फर्जी नंबर प्लेट और किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।
इस घटना के बाद राकेश उत्तराखंडी ने सिरमौर के उपायुक्त (DC) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ-साथ देहरादून के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से पूरे मामले की गहन व निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है। फिलहाल इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।