शिक्षा के साथ संस्कार और नशे से दूरी ही उज्ज्वल भविष्य का आधार : अनिल शर्मा
मानपुर देवड़ा स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
न्यूज़ देशआदेश
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा में आज शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्रशर संचालक एवं समाजसेवी अनिल शर्मा ने शिरकत की, जबकि ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा के प्रधान नरेंद्र पाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल नागवाल और समस्त स्टाफ ने मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से खूब समां बांधा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल नागवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी साझा की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी, विद्यार्थी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
मुख्य अतिथि अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे जैसे हानिकारक पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी।
उन्होंने बच्चों को विशेष रूप से समझाया कि न केवल नशे का सेवन करने से बचें, बल्कि ऐसे लोगों और संगत से भी दूरी बनाए रखें जो उन्हें नशे की ओर प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि गलत संगत जीवन और भविष्य दोनों को बर्बाद कर सकती है। इसलिए विद्यार्थी अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा अपने मित्रों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
प्रधानाचार्य अनिल नागवाल ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।