
रजौली चेकपोस्ट पर 198 लीटर विदेशी शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
सनोज कुमार संगम
रजौली शुक्रवार को बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए शराब तस्करी के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में रजौली समेकित जांच चौकी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 198.720 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। शराब की खेप एक मारुति सुजुकी एस-क्रॉस कार से बरामद की गई।
शुक्रवार को चौकी प्रभारी निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को जांच अभियान के दौरान सिल्वर रंग की एस-क्रॉस कार का रजिस्ट्रेशन नम्बर बीआर 01सीएस8300 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से ऑफिसर्स च्वाइस ब्रांड की 180 एमएल की कुल 1104 बोतलें, यानी 198.720 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिला के मोकामा निवासी चंदन कुमार ,वैशाली जिला के लालगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी सूरज कुमार और नालंदा जिला के नूरसराय थाना क्षेत्र के परमानंद बिगहा के उत्पल कांत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश से पटना ले जाई जा रही थी। आरोपितों ने पटना में डिलीवरी लेने वाले एक व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि तीनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब्त कार और शराब को सुरक्षित थाना में जमा कराया गया है। पुलिस फरार चौथे आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
रजौली चेकपोस्ट झारखंड और बिहार आने वाले मार्ग पर स्थित होने के कारण शराब तस्करों के लिए संवेदनशील रूट माना जाता है। इसी वजह से यहां 24 घंटे सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे लगातार तस्करी के प्रयास विफल हो रहे हैं।
Rajauli, Nawada | Jul 17, 2026