
सूर्यपुरा सीओ गोल्डी कुमारी की बड़ी बहन रानी कुमारी बनीं बीडीओ
कहते हैं कि बेटियां अगर ठान लें तो इतिहास रच देती हैं। कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड स्थित कर्मनाशा बाजार की दो बहनों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह साबित कर दिया है। एक ही परिवार की दो बेटियों का बिहार प्रशासनिक सेवा में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गया है।
स्थानीय समाजसेवी बबन तिवारी की नातिनी एवं रत्नेश्वर तिवारी की पुत्री रानी कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 1323वीं रैंक हासिल कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होकर बड़ी सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। रानी कुमारी की छोटी बहन गोल्डी कुमारी वर्तमान में रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड में अंचलाधिकारी (सीओ) के पद पर कार्यरत हैं। गोल्डी कुमारी का चयन 64वीं बीपीएससी परीक्षा के माध्यम से हुआ था। अब बड़ी बहन रानी कुमारी के बीडीओ बनने से परिवार की दोनों बेटियां प्रशासनिक सेवा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाएंगी।
ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने दोनों बहनों की उपलब्धि को बेटियों की शिक्षा, मेहनत और लगन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। उनकी सफलता से क्षेत्र की छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिलेगी।